![]()
UP बोर्ड में एक ही स्कूल के 150 बच्चे फेल:सभी 12वीं के स्टूडेंट्स, गोरखपुर में बोले- क्लासमेट की लड़ाई पर मिली सजा
गोरखपुर में नीना थापा इंटर कॉलेज के 150 से अधिक छात्र यूपी बोर्ड की परीक्षा में एक साथ फेल हो गए। सभी 12 वीं के छात्र हैं। उनका आरोप है कि सभी का सेंटर एक ही स्कूल पर गया था। जहां उनके स्कूल के एक लड़के का किसी और स्कूल के लड़के साथ लड़ाई हो गई। इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। छात्रों का कहना है कि इस घटना की वजह से हमारे स्कूल के सभी बच्चों को फेल कर दिया गया है। इस संबंध में स्कूल के तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। जिसको लेकर गुरुवार को सभी छात्र डीएम ऑफिस पहुंचे। उन्होंने सबकी कॉपी रीचेक करवाने की मांग की है। जानिए पूरा मामला…
गोरखपुर नीना थापा इंटर कॉलेज के छात्र गुरुवार को डीएम के पास ज्ञापन सौंपने के लिए पहुंचे। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए उनका सेंटर एक स्कूल में गया था। परीक्षा के दौरान स्कूल के छात्र सत्यम कुमार गौड़ की दूसरे स्कूल के एक छात्र से लड़ाई हो गई थी। सत्यम ने उस छात्र को अनजाने में सिर पर वार कर दिया। जिससे उसे गहरी चोट आई। खून ज्यादा बह गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरोप है कि इसी बात की सजा सभी छात्र को दी गई है और उन्हें फेल कर दिया गया। छात्रों ने बताया कि हिंदी इंग्लिश में उन्हें अच्छे नंबर मिले लेकिन फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स में फेल कर दिया गया है। उनका कहना है कि हमने परीक्षा की अच्छे से तैयारी की थी, फिर भी हमारे स्कूल के 90 प्रतिशत बच्चे फेल हो गए हैं। एक के गलती की सजा हम सबको दी गई है। उन्होंने कॉपी रीचेक करने की मांग उठाई है। स्कूल ने नहीं ली जिम्मेदारी
छात्रों का आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल केवल कागज फॉरवर्ड कर रहे। इसके अलावा कोई जिम्मेदारी नहीं ले रहे। इतने दिन हो गए अभी तक कुछ नहीं हुआ। इससे पूरा भविष्य खराब हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शिकायत लेकर वे थाने पहुंचें, जहां से डीएम को लेटर लिखने की सलाह दी गई।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply