![]()
सीतापुर में बाइक चोर गिरफ्तार, 6 चोरी की बाइक बरामद:शातिर नंबर प्लेट बदलकर बेचता था, आरोपी गिरफ्तार
सीतापुर में कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक शातिर ऑटोलिफ्टर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार जनपदों से चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। शातिर चोर बाइक चोरी के बाद उनकी नंबर प्लेट बदलकर दूसरों को बेच देता था। कोतवाली नगर पुलिस टीम ने रसूलपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से अन्नू सिंह उर्फ लक्ष्मेंद्र सिंह निवासी ग्राम सलाहपुर, थाना पिसावां को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर और टीवीएस अपाचे जैसी बाइक शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बाइक चोरी करने के बाद उनकी पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा देता था और स्टिकर व काली पन्नी लगाकर उन्हें बदल देता था। उसने बताया कि बरामद बाइकें हरदोई, शाहजहांपुर और खीरी जिलों के अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई थीं। कई मामलों में संबंधित थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी का चालान न्यायालय भेजा पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जिससे उसका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर आरोपी का चालान न्यायालय भेजा जा रहा है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक अनुप कुमार शुक्ला सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को सराहना देते हुए कहा कि जनपद में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply