![]()
शादी से मासूम को उठा ले गई महिला, VIDEO:संभल से मां-बाप बच्चे के साथ आए थे बदायूं, पुलिस की 3 टीम तलाश में जुटीं
बदायूं में एक शादी समारोह से एक साल के मासूम बच्चे का अपहरण हो गया। बच्चा अपने माता-पिता के साथ संभल से शादी में शामिल होने आया था। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना इस्लामनगर थाना क्षेत्र के सहसवान रोड स्थित मोनार्क फार्म में हुई। संभल जिले के थाना रजपुरा के गांव सिरसा निवासी भूकन सिंह अपनी फुफेरी बहन की शादी में शामिल होने बुधवार को यहां पहुंचे थे। उनके साथ पत्नी शांति और तीन बेटे अभि (5), ध्रुव (4) व एक साल का सौरभ भी था। एफआईआर के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। शांति देवी अपने बेटे सौरभ को मैरिज लॉन के कमरे में सुलाकर कार्यक्रम देखने चली गईं। लगभग एक घंटे बाद जब वह लौटीं, तो बच्चा कमरे में नहीं मिला। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद रिश्तेदार एकत्र हुए। मैरिज लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें मुख्य गेट की ओर जाने वाले रास्ते पर एक महिला बच्चे को कंधे पर ले जाती हुई दिखाई दी। महिला के पीछे एक टोपी पहने युवक भी दिखा, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि वह महिला के साथ था या नहीं। महिला रात करीब 12:35 बजे बच्चे को लेकर निकली और कुछ सेकंड बाद वापस लौटकर तुरंत दूसरे रास्ते से चली गई। महिला ने सफेद रंग का सलवार-सूट पहना हुआ था। एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया, घटना के खुलासे के लिए एसओजी सहित पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस परिजनों और समारोह में आए अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। उनका प्रयास है कि बच्चे को जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply