![]()
राजघाट पुल मरम्मत के बाद जाम से मिली राहत:गोरखपुर में लोग बोले- पहले 1 घंटा, अब वही दूरी 5 मिनट में तय हो रही
गोरखपुर में यातायात व्यवस्था को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। राजघाट पुल की मरम्मत का काम तय समय से पहले पूरा कर लिया गया है। सोमवार से इसे सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया गया है। पुल शुरू होने से नौसड़ और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में लगने वाले लंबे जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पहले जहां 5 मिनट की दूरी तय करने में एक घंटा लग जाता था, वहीं अब यह दूरी 3 से 5 मिनट में पूरी हो रही है। लखनऊ और वाराणसी की ओर से आने वाले भारी वाहन भी अब बिना किसी बाधा के शहर में प्रवेश कर सकेंगे। डायवर्जन से बढ़ी थी परेशानी
पुल बंद होने के कारण भारी वाहनों को डायवर्जन के जरिए करीब 22 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। इससे समय और ईंधन दोनों की खपत बढ़ गई थी। इसी वजह से रोडवेज ने यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ डालते हुए बस किराए में 35 रुपये तक की बढ़ोतरी भी कर दी थी। स्थानीय लोगों ने जताई राहत
सत्यम ने बताया कि पिछले 10–15 दिनों से इस रूट पर काफी दिक्कतें हो रही थीं, लेकिन पुल खुलने के बाद अब काफी राहत मिल रही है। वहीं ई-रिक्शा चालक विवेक ने कहा कि नौसड़ से पैडलेगंज पहुंचने में पहले एक घंटे से ज्यादा लग जाता था, अब यही दूरी 5 मिनट में पूरी हो रही है। PWD ने समय से पहले पूरा किया काम
लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 20 अप्रैल तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन एक्सपेंशन जॉइंट का काम एक सप्ताह पहले ही पूरा कर लिया गया। विभाग के जूनियर इंजीनियर नागेंद्र मणि गुप्ता के अनुसार, पुल अब पूरी तरह सुरक्षित है। हालांकि नीचे की दरारों और कुछ छोटे मरम्मत कार्य अभी जारी रहेंगे, लेकिन यातायात प्रभावित नहीं होगा। अन्य निर्माण कार्यों में आएगी तेजी
पुल खुलने के बाद ट्रांसपोर्ट नगर से पैडलेगंज तक बन रहे सिक्स लेन फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में भी तेजी आने की उम्मीद है। पहले डायवर्जन के कारण काम धीमा पड़ गया था। साथ ही, लोक निर्माण विभाग ने गोरखनाथ क्षेत्र के पुराने पुल की मरम्मत की भी तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए पुल को एक महीने तक बंद करने की अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलते ही काम शुरू किया जाएगा और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply