![]()
बच्चों के दाखिले से पहले जांचें स्कूल की मान्यता:सिद्धार्थनगर में माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पोर्टल पर अपडेट की सूची
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अभिभावकों की सुविधा के लिए जिले के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों का डाटा अपने पोर्टल पर अपडेट कर दिया है। अब बच्चे का दाखिला कराने से पहले अभिभावक घर बैठे ही स्कूल की मान्यता जांच सकेंगे। परिषद के अंतर्गत जिले में संचालित कुल 222 विद्यालयों की विस्तृत जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। इसमें प्रत्येक विद्यालय का यू-डायस कोड भी दर्ज है, जिससे अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक स्कूल की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह सूची परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। अक्सर देखा जाता है कि कुछ विद्यालय बिना मान्यता के ही छात्रों को प्रवेश दे देते हैं। बाद में जब यह बात सामने आती है, तो बच्चों का भविष्य अधर में लटक जाता है और अभिभावकों को सत्र के बीच में ही बच्चों का स्कूल बदलना पड़ता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए परिषद ने सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची सार्वजनिक की है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी छात्र गैर-मान्यता प्राप्त संस्थान में प्रवेश न ले और फर्जी विद्यालयों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। प्रभारी डीआईओएस दयाशंकर यादव ने इस संबंध में बताया कि सभी विद्यालयों का डाटा बोर्ड के पोर्टल पर अपडेट कर दिया गया है। अभिभावक वेबसाइट के माध्यम से आसानी से विद्यालय की मान्यता और अन्य आवश्यक जानकारी की पुष्टि कर सकते हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply