![]()
मथुरा में स्मार्ट मीटर, बढ़े बिलों पर जनता का प्रदर्शन:राया बिजलीघर पर हंगामा, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
मथुरा के राया स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पर बुधवार को स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने कार्यालय पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे समाजसेवी नीतेश पाठक ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में कई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि जहां पहले सामान्य बिल आता था, वहीं अब एक महीने का बिल 6 से 8 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। पाठक ने इसे आम जनता के साथ धोखा बताते हुए कहा कि मीटर लगाते समय विभाग ने कम बिल आने का आश्वासन दिया था, जो हकीकत से बिल्कुल विपरीत है। प्रदर्शनकारियों में शामिल अभिषेक शर्मा ने बताया कि लोग पहले से ही आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिलों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने कहा कि कई घरों में पर्याप्त बिजली उपयोग न होने के बावजूद भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आक्रोशित लोगों ने बिजलीघर के बाहर धरना देकर कार्यालय का काम भी बाधित कर दिया। सूचना मिलने पर कस्बा प्रभारी उज्जवल शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में उपखंड अधिकारी के पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने और स्मार्ट मीटर उखाड़ने को मजबूर होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply