![]()
उन्नाव में महिला ने फांसी लगाकर जान दी:मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया, पुलिस जांच में जुटी
उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव में बुधवार को एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 23 वर्षीय सावित्री के रूप में हुई है। पति उसे मियागंज अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर मृतका के मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सावित्री के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नायब तहसीलदार हसनगंज दीपक गौतम की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के लिए उन्नाव भेज दिया है। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव निवासी वीरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन सावित्री की शादी जून 2024 में माखी थाना क्षेत्र के हमीरपुर निवासी गौतम पुत्र धर्मपाल से हुई थी। उनकी आठ माह की एक पुत्री अक्षिता भी है। वीरेंद्र का आरोप है कि शादी के एक साल बाद से ही ससुराल वाले सावित्री को प्रताड़ित करने लगे थे। प्रताड़ना से परेशान होकर सावित्री मायके चली गई थी। एक माह पहले ही संभ्रांत व्यक्तियों की मध्यस्थता से समझौता हुआ, जिसके बाद वह ससुराल लौटी थी। बुधवार शाम वीरेंद्र को सूचना मिली कि उनकी बहन की हत्या कर दी गई है और इसे आत्महत्या दिखाने के लिए फांसी की कहानी गढ़ी गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को शाम करीब सात बजे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply