![]()
हाथरस में गर्मी का असर बच्चों की सेहत पर:उल्टी-दस्त और पेट दर्द के मरीजों की सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में लगी भीड़
हाथरस में बढ़ती गर्मी का बच्चों के स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी बीमारियों से पीड़ित बच्चे बड़ी संख्या में अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में ही 100 से अधिक बच्चे इन समस्याओं के साथ इलाज के लिए आए। सरकारी के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी ऐसे मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। पिछले कई दिनों से जिले में तेज धूप और भीषण गर्मी पड़ रही है, जिसका सबसे ज्यादा प्रभाव बच्चों और बुजुर्गों पर दिखाई दे रहा है। दूषित खानपान से रहे दूर गर्मी और दूषित खान-पान को बच्चों में इन बीमारियों का मुख्य कारण बताया जा रहा है। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार के अनुसार, मरीजों में पेट दर्द, पतले दस्त, बुखार और उल्टी जैसे लक्षण प्रमुखता से देखे जा रहे हैं। डॉक्टरों ने इन बीमारियों से बचाव के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं। इनमें उबला हुआ पानी पीना, बाहर का या बासी खाना न खाना, मौसमी फल और सब्जियों का सेवन करना, तथा तरल पदार्थों का अधिक सेवन करना शामिल है। साथ ही, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है। डॉ. प्रमोद कुमार ने अभिभावकों से अपील की है कि वे इस मौसम में बच्चों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को गर्मी से बचाएं और उन्हें दूषित भोजन से दूर रखें ताकि वे बीमारियों की चपेट में आने से बच सकें।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply