![]()
हरदोई में 5322 परिवारों को पीएम आवास की पहली किस्त:नींव भरने के लिए 26 करोड़ रुपये जारी करने की तैयारी
हरदोई जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) नगरीय के तहत 5,322 पात्र परिवारों को मकान निर्माण के लिए पहली किस्त जल्द मिलेगी। इन परिवारों को नींव भरने हेतु लगभग 26 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने लाभार्थियों का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। यह योजना उन शहरी परिवारों को लाभ प्रदान करती है जिनके पास पक्का मकान नहीं है या जिनके मौजूदा मकान जर्जर घोषित हो चुके हैं। योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाते हैं, जिसमें आवेदक की आय, प्लॉट का क्षेत्रफल और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जाती है। हरदोई जिले में अब तक कुल 20,673 परिवारों ने इस योजना के लिए आवेदन किया है। इनमें से 13 निकायों में से 10 निकायों के 6,951 परिवार सत्यापन के बाद पात्र पाए गए। इन सभी लाभार्थियों की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार की जा चुकी है। अब 5,322 परिवारों की सूची राज्य नगरीय विकास अभिकरण को भेजी गई है, ताकि उन्हें पहली किस्त जारी की जा सके। प्रत्येक लाभार्थी को पहली किस्त के रूप में 50-50 हजार रुपये सीधे उनके बैंक खाते में भेजे जाएंगे। इस राशि का उपयोग लाभार्थी मकान की नींव भरने और निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कर सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, इन सभी परिवारों के मकान निर्माण पर कुल 133 करोड़ 5 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। निकायवार लाभार्थियों की संख्या में शाहाबाद सबसे आगे है, जहां 2,554 परिवारों का प्रस्ताव भेजा गया है। अन्य निकायों में मल्लावां से 933, संडीला से 555, बिलग्राम से 287, पिहानी से 286, सांडी से 210, हरदोई नगर पालिका से 183, कुरसठ से 168, गोपामऊ से 145 और माधौगंज से 1 लाभार्थी शामिल हैं। परियोजना अधिकारी डूडा, भूमिका राजबहादुर ने बताया कि शासन की प्राथमिकता जरूरतमंदों को आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सत्यापन के बाद पात्र परिवारों को जल्द ही पहली किस्त मिलेगी, जिससे उनके पक्के घर का सपना साकार हो सकेगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply