![]()
सीतापुर में बिजली के उलझे तार, हादसे का खतरा:किसान नेता ने सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी
सीतापुर में नगर पालिका क्षेत्र में एक मोहल्ले में विद्युत व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में किसान नेता पिंदर सिंह सिद्धू ने लेटर जारी कर विद्युत विभाग को चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने को मजबूर होगा। किसान नेता ने बताया कि मोहल्ला लोनियन पुरवा स्थित तपोभूमि आश्रम के पास रहने वाले प्रमोद समेत दर्जनों लोगों ने क्षेत्र की गंभीर समस्या को उजागर किया है। आरोप है कि एक ही विद्युत खंभे से सैकड़ों घरों को केबल के जाल के माध्यम से कनेक्शन दिया गया है, जिससे वहां अत्यंत अव्यवस्थित और खतरनाक स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तारों का यह जाल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। खास बात यह है कि इसी स्थान के आसपास बच्चे खेलते रहते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। लोगों ने कई बार विद्युत विभाग को लिखित और मौखिक शिकायतें दीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। किसान नेता ने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके का निरीक्षण कर भवानीपुर फीडर के अंतर्गत आने वाले सभी उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानक के अनुरूप विद्युत सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर नए विद्युत खंभे लगाने और केबल व्यवस्था को व्यवस्थित करने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना या जनहानि की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग के अधिकारियों की होगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply