![]()
सरकारी जमीन पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा हुई स्थापित:बदायूं में दो पक्षों में बढ़ा तनाव, बिना अनुमति के लगाई गई
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ढोरनपुर गांव में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर तनाव उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह प्रतिमा सरकारी जमीन पर बिना किसी अनुमति के रखी गई है। इस घटना के बाद गांव में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और प्रतिमा को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। यह घटना 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती शोभायात्रा के बाद हुई। ढोरनपुर से शोभायात्रा देर रात वापस लौटी, जिसके बाद कुछ लोगों ने वहां डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। सुबह होने पर अन्य ग्रामीणों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। बताया जाता है कि प्रतिमा का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त भी कर दिया गया था। प्रतिमा सरकारी कुएं की जमीन पर लगाई गई स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने समय रहते मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। सरकारी जमीन होने के दावे के बाद पैमाइश शुरू की गई। लेखपाल सहित राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जो जमीन की स्थिति का पता लगा रही है। एसडीएम बिसौली राशि कृष्णा ने बताया कि प्रतिमा बिना किसी अनुमति के स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि जमीन सरकारी है या नहीं, इसकी जानकारी के लिए राजस्व टीम भेजी गई है। सीओ बिसौली संजीव कुमार ने जानकारी दी कि प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद हुआ है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्ष एक ही जाति से हैं और आपसी मतभेद के चलते यह स्थिति बनी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रतिमा सरकारी कुएं की जमीन पर लगाई गई है। गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस पूरे प्रकरण में थाना पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि यह कार्रवाई थाने के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की कथित शह पर की गई है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply