![]()
संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में 2 कर्मचारियों से लूट:पीड़ित ने 2.5 लाख लूटने की दर्ज कराई शिकायत, पहले बताया था 7 लाख
रामपुर के बिलासपुर थाना क्षेत्र में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में यात्रियों से लूट की वारदात में नया मोड़ सामने आया है। पहले जहां लूट की रकम करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही थी, वहीं अब पीड़ित ने बयान बदलते हुए कुल रकम लगभग ढाई लाख रुपए बताई है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित रितिक मंडल ने जीआरपी को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथी साहब सिंह के साथ ट्रेन संख्या 15036 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के कोच D1 में रुद्रपुर सिटी से दिल्ली जंक्शन की यात्रा कर रहा था। घटना रुद्रपुर सिटी और बिलासपुर रोड स्टेशन के बीच हुई।
नकदी और मोबाइल फोन छीना पीड़ितों के अनुसार, यात्रा के दौरान तीन अज्ञात युवक उनके पास आए और खुद को पुलिसकर्मी बताया। उन्होंने दोनों को तस्कर कहते हुए जबरन सीट से उठाकर ट्रेन के गेट के पास ले गए। वहां तलाशी के बहाने उनके पास मौजूद नकदी और मोबाइल फोन छीन लिए गए। रितिक मंडल के मुताबिक, उससे करीब डेढ़ लाख रुपये और उसके साथी साहब सिंह से लगभग एक लाख रुपये लूटे गए। इस दौरान एक बदमाश ने कट्टा दिखाकर उन्हें धमकाया, जिससे वे विरोध नहीं कर सके। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित के एक साथी मंजीत सिंह ने करीब 7 लाख रुपए की लूट की बात कही थी, लेकिन बाद में रितिक मंडल ने अपनी लिखित तहरीर में कुल रकम ढाई लाख रुपए बताई। जीआरपी थाना प्रभारी ईश्वर चंद ने बताया- पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जीआरपी व आरपीएफ की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply