![]()
संतकबीरनगर में घर में घुसकर मारपीट:हमलावरों ने पिता-दो बेटों को पीटा, बरसाईं लाठियां, जमकर किया तोड़फोड़
संतकबीरनगर के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में मंगलवार को जिला अस्पताल गेट के सामने एक घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई। इस हमले में पिता और उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। यह घटना जिला अस्पताल पुलिस चौकी के सामने हुई, जहां लाठियां चटकती रही लेकिन चौकी इंचार्ज को भनक तक नहीं लगी। जबतक चौकी की पुलिस पहुंची तबतक मामला शांत हो चुका था। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से पहुंचे हमलावरों ने पहले गाली-गलौज शुरू की। विरोध करने पर वे जबरन घर में घुस गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान घर में रखा सामान भी तोड़ दिया गया। हमलावर अपने हाथों में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के झंडे लिए हुए थे। घायलों में बाबूलाल गौड़ और उनके बेटे विशाल व विकास शामिल हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित बाबूलाल गौड़ ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने आरोप लगाया कि आंबेडकर जयंती के जुलूस से लौट रहे कुछ लोग उनके घर के बाहर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें और उनके बेटों को लाठी-डंडों से पीटा और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों में गांव का अजीत गौतम और अनई निवासी सूरज गौतम शामिल हैं। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने वीडियो भी बनाया। भीड़ बढ़ती देख हमलावर अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर अजीत गौतम, सूरज गौतम और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply