![]()
शाहजहांपुर में युवक टावर पर चढ़ा,पत्नी को बुलाने की जिद:तीन घंटे बाद पत्नी को देखकर उतरा, पुलिस ने किया चालान
शाहजहांपुर में एक युवक अपनी पत्नी को ससुराल से बुलाने की जिद पर मंगलवार रात एक ऊंचे टावर पर चढ़ गया। करीब तीन घंटे तक चले इस ड्रामे के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी को मौके पर बुलाया, जिसके बाद युवक नीचे उतरा। हालांकि, पत्नी ने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया और पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया। बुधवार की रात टावर पर चढ़े युवक का फोटो सामने आया है। यह घटना थाना खुदागंज क्षेत्र के भुंडी गांव में रात करीब 10 बजे हुई। गांव के रहने वाले दिलीप ने कुछ समय पहले एक महिला से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। महिला कई बार अपने मायके चली जाती थी और दिलीप उसे वापस ले आता था। करीब एक सप्ताह पहले महिला अपनी बड़ी बहन की शादी में शामिल होने मायके गई थी। जब वह वापस नहीं आई तो दिलीप उसे लेने गया। महिला ने शादी खत्म होने के बाद ही ससुराल आने की बात कही, जिससे दिलीप नाराज हो गया। गुस्से में वह गांव के टावर पर चढ़ गया। आसपास के लोगों ने दिलीप को टावर पर चढ़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब उसे नीचे उतरने को कहा, तो उसने अपनी पत्नी को बुलाने की जिद की और धमकी दी कि अगर पत्नी नहीं आई तो वह कूदकर जान दे देगा। पुलिस ने तुरंत दिलीप की पत्नी से संपर्क किया और उसे मौके पर बुलाया। करीब तीन घंटे बाद पत्नी के पहुंचने पर दिलीप टावर से नीचे उतर आया। पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां पत्नी ने एक बार फिर पति के साथ जाने से मना कर दिया। पत्नी अपने मायके लौट गई, जबकि पुलिस ने दिलीप का शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया और उसका चालान कर दिया गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply