![]()
विधायक ने जल योजना की समीक्षा की,जेई को दी चेतावनी:भूपेश चौबे ने कहा- एक हफ्ते में पानी नहीं मिला तो लापरवाह अधिकारी होंगे बाहर
सोनभद्र में सदर विधायक भूपेश चौबे ने नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति योजना की समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने जल आपूर्ति में देरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित जूनियर इंजीनियरों (जेई) को चेतावनी दी। विधायक ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर गांवों में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई, तो जिम्मेदार लापरवाह अधिकारियों को जिले से बाहर कर दिया जाएगा। यह समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट में हुई। इससे पहले,सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण सदर विधायक भूपेश चौबे के आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने विधायक को बताया कि ‘हर घर जल’योजना के तहत कई गांवों में पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है,लेकिन अभी तक पेयजल की सही ढंग से आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने शिकायत की कि उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है और आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।उन्होंने तत्काल पानी की आपूर्ति शुरू न होने पर आंदोलन करने की भी चेतावनी दी। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक भूपेश चौबे उनके साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे।उन्होंने नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति योजना से जुड़े अधिकारियों,जिनमें एडीएम रोहित यादव, संबंधित एक्सईएन और अन्य अभियंता शामिल थे,से नगवा,चतरा, कोन सहित अन्य क्षेत्रों में’हर घर जल’योजना के तहत पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर जानकारी ली। अधिकांश जूनियर इंजीनियरों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया,जिस पर विधायक भूपेश चौबे नाराज हो गए। उन्होंने अपनी चेतावनी दोहराते हुए कहा कि जिन गांवों में पाइपलाइन बिछाई गई है, वहां एक सप्ताह के भीतर पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जिले से बाहर भेजा जाएगा। सदर विधायक भूपेश चौबे ने यह भी कहा कि सोनभद्र में गर्मी के मौसम में पानी की समस्या गंभीर हो जाती है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनभद्र की सभा से ‘हर घर नल’ पहुंचाने का वादा किया था, जिसे सरकार पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।धंधरोल बांध क्षेत्र से इस योजना की शुरुआत भी की गई थी। पाइपलाइन बिछने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी अधिकारी कार्य में बाधा बनेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply