![]()
लखनऊ में सामान्य से अधिक हुआ पारा:तेज धूप और गर्म हवा के थपेड़े ने बढ़ाई परेशानी, 40 डिग्री पार करेगा तापमान
लखनऊ में लगातार गर्मी का असर बढ़ रहा है। इसके चलते लोगों को परेशानी हो रही है। सुबह से तेज चटक धूप निकली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास दर्ज किया जाएगा। सुबह से ही घर के बाहर निकलने में लोग एहतियात बरत रहे। दिन में तेज झोंके दार गर्म हवा का असर बना रहेगा। सामान्य से अधिक हुआ पारा बुधवार को अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। अधिकतम आर्द्रता 54 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 15 फीसदी रही। 40 डिग्री के ऊपर जाएगा पारा उत्तर प्रदेश में सामान्य मौसम और गर्म पछुआ हवाओं का असर तेज़ी से देखने को मिल रहा है। पिछले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में औसतन 8 से 10°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे प्रदेश भर में तापमान सामान्य स्तर तक पहुंच गया है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40°C से ऊपर जाने और सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कम बारिश का अनुमान, खेती पर पड़ेगा असर मौसम विभाग के ताजा दीर्घकालिक पूर्वानुमान के मुताबिक, साल 2026 में उत्तर प्रदेश में मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार कई वैश्विक मौसम कारक बारिश को प्रभावित कर सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी गोलार्द्ध और यूरेशिया में सर्दियों व वसंत के दौरान बर्फ का फैलाव सामान्य से थोड़ा कम रहा है। वहीं, हिंद महासागर में अभी तटस्थ स्थिति है, जो मानसून के अंत तक सकारात्मक रूप ले सकती है। इसके बावजूद प्रशांत महासागर में चल रही कमजोर ला-नीना स्थिति जून तक खत्म होकर तटस्थ हो जाएगी। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इसके बाद मानसून के दौरान अल-नीनो जैसी परिस्थितियां बनने की आशंका है, जो आमतौर पर भारत में बारिश कम करती हैं। यही वजह है कि मौसम विभाग ने यूपी और लखनऊ में इस बार कुल मानसूनी बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना जताई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि यह अनुमान सही साबित होता है तो इसका असर खेती और जल संसाधनों पर पड़ सकता है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply