![]()
रविकिशन ने की AIIMS में ट्रामा सेंटर बनाने की मांग:केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलकर लिया आश्वासन
गोरखपुर के सांसद रविकिशन शुक्ल ने दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की। उन्होंने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) बनाने के विस्तार की जरूरत बताई। उन्होंने यहां ट्रामा सेंटर बनाने की मांग की। स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए रविकिशन ने कहा कि AIIMS के द्वितीय फेज के विस्तार का काम शुरू होना चाहिए। उन्होंने AIIMS से जुड़े कई प्रकरणों की चर्चा की। सांसद ने कहा कि द्वितीय फेज के निर्माण से यहां मरीजों को कई सुविधाएं मिलेंगी। ट्रामा सेंटर बनने से लोगों को काफी फायदा होगा। सांसद ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इन मांगों पर सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्होंने इसे आमजन के हित में बताया है।
सांसद ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं ने पूरे देश में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। आधुनिक तकनीकों ने देश की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया है। आज शहर हो या गांव या कोई दुर्गम स्थान हर जगह स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से सुलभ हैं। इस पार्टी ने सबका साथ और सबका विकास किया है। आज प्रत्येक नागरिक को सभी सुविधाएं आसानी से मिल रही हैं। पीएम मोदी ने देश का मान हर क्षेत्र में बढ़ाया है। आज वैश्विक स्तर पर भी भारत की शानदार पहचान बनी हुई है।
प्रतिदिन आ रहे 5 से 7 हजार मरीज सांसद रवि किशन ने कहा कि आज एम्स सिर्फ गोरखपुर के मरीजों को ही उत्तम सेवाएं नहीं दे रहा बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों, बिहार और नेपाल के मरीजों को भी उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। आए दिन यहां मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। यहां प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या 5 से 7 हजार तक पहुंच गई है।
ऐसे में एम्स का विस्तार होना जरूरी है। जिससे मरीजों को और सुविधाएं भी मिल सकें। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही एम्स के द्वितीय फेज के विस्तार का काम शुरू किया जाएगा।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply