![]()
युवती की गला काटकर हत्या, दुष्कर्म की पुष्टि नहीं:अमेठी में शव मिलने के बाद आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
अमेठी में मंगलवार देर रात एक युवती की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह युवती का गला कटा शव घर से करीब 100 मीटर दूर नहर किनारे मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी को हिरासत में लिया है। यह घटना गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के चतुरीपुर मऊ गांव की है। यहां की रहने वाली 24 वर्षीय अमिता देवी का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतका के भाई की तहरीर पर गांव के ही सनोज कुमार कोरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। देर रात आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल, पुलिस ने गांव के आरोपी सनोज कोरी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही है। गौरीगंज सीओ अखिलेश वर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह चतुरीपुर मऊ गांव में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था और परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply