![]()
यहां 10 दिन से खराब है CT स्कैन मशीन:वाराणसी के पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल की स्थिति, 50 लाख कीमत का लगना है नया ट्यूब
वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय सीटी स्कैन जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां पर पिछले 10 दिनों से सीटी स्कैन मशीन खराब पड़ी है। मशीन में लगा ट्यूब फट गया है जिससे मशीन पूरी तरह से बंद है। यहां प्रतिदिन औसतन 100 ऐसे मरीज आते हैं जिनका डाॅक्टर सीटी स्कैन कराने के लिए लिखते हैं। अब पूरी तरह सीटी स्कैन मशीन के कक्ष में ताला लटक रहा है। मरीज यहां पहुंच रहे हैं लेकिन उन्हें बताया जाता है कि मशीन खराब है। 10 दिन बाद संपर्क करें। अस्पताल के CMS डॉ. आरएस राम ने बताया कि मशीन में कि जो ट्यूब खराब हुआ है उसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये है। यह भारत में नहीं मिलता है। संबंधित कंपनी को अवगत करा दिया गया है। अभी 10 से 15 का समय और लग सकता है। प्राइवेट अस्पताल में सीटी स्कैन कराना मजबूरी दरअसल, दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में क्रस्ना डायग्नोस्टिक लिमिटेड की ओर से पीपीपी माडल पर सीटी स्कैन मशीन संचालित हो रही है। यहां मरीजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाता है। यही कारण है कि दूर दराज से आने वाले मरीज यहां सीटी स्कैन करा लेते हैं। अब यहां कई दिनों से मशीन खराब होने के चलते मरीज प्राइवेट अस्पताल में जाकर सीटी स्कैन कराने को मजबूर हैं। कुछ मरीज कबीर चौरा स्थित राजकीय अस्पताल भी पहुंच रहे हैं जिससे वहां भी लोड ज्यादा बढ़ने से दिक्कत होने लगी है। एक्सीडेंटल मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी यह सीटी मशीन कक्ष ट्रामा सेंटर के बिल्कुल बगल में ही स्थित है। यही कारण है ट्रामा सेंटर में ज्यादातर एक्सीडेंटल व गंभीर मरीज ही पहुंचते हैं। ऐसे मरीजों को तत्काल सीटी स्कैन कराने की आवश्यकता होती है लेकिन डॉक्टर पहले ही बता देते हैं सीटी स्कैन बाहर से कराइए क्योंकि यहां मशीन खराब है। अब वह आसपास के प्राइवेट अस्पतालों में जाकर 2 से 4 हजार रुपये देकर सीटी स्कैन कराते हैं। CCTV के सामने खड़े होकर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी दरअसल, यहां करीब 8 से 10 कर्मचारी ड्यूटी कर रहे हैं। प्राइवेट कंपनी के ये सभी कर्मचारी मशीन बंद होने के बावजूद सीसीटीवी के सामने खड़े होकर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। कुछ स्टाफ अंद बैठे हैं तो कुछ कर्मचारी बाहर गैलरी में टहलते हुए लगातार सीसीटीवी के सामने हैं ताकि कंपनी को साबित कर सकें कि वह ड्यूटी में तत्पर हैं। इसके मैनेजर शिवशंकर बताते हैं कि जल्द से जल्द मशीन ठीक कराने के लिए मेल कर दिया गया है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply