![]()
मैनपुरी में सरकारी जमीन पर गड़बड़ी पकड़ी:डीएम ने बंजर भूमि को आबादी घोषित कराने की कार्रवाई रोकी
मैनपुरी में सरकारी बंजर भूमि को नियम विरुद्ध तरीके से आबादी घोषित कराने का मामला सामने आया है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने ग्राम प्रधान की शिकायत के बाद इस पर संज्ञान लेते हुए कार्रवाई रोक दी है। यह मामला लेखराजपुर ग्राम पंचायत से जुड़ा है, जहां करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर कोल्ड स्टोर बनाने की तैयारी थी। ग्राम पंचायत लेखराजपुर के प्रधान शिवम यादव ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि गाटा संख्या 325 और 333, जो राजस्व अभिलेखों में बंजर और नवीन परती के रूप में दर्ज हैं, उन्हें तहसील कर्मियों की मिलीभगत से आबादी घोषित करा लिया गया है। शिकायत में बताया गया कि यह जमीन सड़क किनारे स्थित है और काफी कीमती है। आरोप है कि महेश चंद्र नामक व्यक्ति ने इस जमीन पर कब्जा करने की मंशा से बैंक से लोन लेकर कोल्ड स्टोर बनाने की योजना बनाई थी। प्रधान ने आबादी घोषित करने की प्रक्रिया को निरस्त कर ग्रामसभा की जमीन को सुरक्षित रखने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि धारा 30 (2) के तहत अंश निर्धारण के बाद ही आगे की कोई कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी सख्त निर्देश दिए कि सरकारी भूमि पर किसी भी हालत में अवैध कब्जा नहीं होना चाहिए और सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों में सार्वजनिक जमीनों की नियमित निगरानी करें।
इसी दौरान, जिलाधिकारी ने आगरा बाईपास रोड स्थित टीईपी नगर में एक अन्य भूमि विवाद की शिकायत का भी स्थलीय निरीक्षण किया। शिकायतकर्ता सत्यवीर सिंह ने आरोप लगाया था कि उनके खरीदे गए प्लॉट के हिस्से पर पड़ोसी द्वारा दबंगई से कब्जा कर लिया गया है और उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले में जिलाधिकारी ने लेखपाल को निर्देश दिया कि दोनों पक्षों की मौजूदगी में भूमि की पैमाइश कराई जाए और आपसी बातचीत से समाधान निकाला जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि विवाद बना रहता है तो सक्षम न्यायालय में वाद दायर किया जाए। साथ ही, जिलाधिकारी ने आम जनता को सलाह दी कि जमीन खरीदते समय पूरी जांच-पड़ताल करें और बैनामा के तुरंत बाद कब्जा लेना सुनिश्चित करें ताकि भविष्य में ऐसे विवादों से बचा जा सके।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply