![]()
मथुरा में दो पक्ष भिड़े:मारपीट में 6 से अधिक लोग घायल, केस दर्ज
मथुरा के महावन थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में गुरुवार देर रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई, जिसमें महिला-पुरुष सहित कई लोग घायल हो गए। जगदीशपुर निवासी मुनेश कुमार ने महावन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंग लोगों ने उनके परिवार पर हमला किया। हमलावरों ने घर में घुसकर मारपीट की और ईंट-पत्थर फेंके, जिससे कई लोग घायल हुए। मुनेश कुमार के अनुसार, आरोपी आए दिन उनके घर के बाहर गाली-गलौज करते थे और दबंगई दिखाते थे। गुरुवार देर रात बच्चों के साथ हुई मारपीट का विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। घटना के दौरान गांव में दहशत फैल गई। लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में दुबक गए और दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर लगातार पत्थरबाजी कर रहे थे, जिससे आसपास के लोग भी भयभीत थे। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। थाना प्रभारी चेतराम शर्मा ने बताया कि सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम गठित की है और गंभीरता से जांच कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply