बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता की मौत:प्रयागराज के गौहनिया-करछना मार्ग पर डंपर ने रौंदा, पुलिस ने दर्ज किया केस


                 बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता की मौत:प्रयागराज के गौहनिया-करछना मार्ग पर डंपर ने रौंदा, पुलिस ने दर्ज किया केस

बेटी की शादी का कार्ड बांटने निकले पिता की मौत:प्रयागराज के गौहनिया-करछना मार्ग पर डंपर ने रौंदा, पुलिस ने दर्ज किया केस

मेजा क्षेत्र के पकरी सेवार निवासी 53 वर्षीय राजमणि यादव की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना गौहनिया-करछना मार्ग पर हथिगन गांव के सामने उस समय हुई, जब वह अपनी छोटी बेटी की शादी का कार्ड बांटने के लिए जा रहे थे। राजमणि यादव अपनी बड़ी पुत्री के ससुराल निमंत्रण देने जा रहे थे। घूरपुर के हथिगन गांव के पास पहुंचते ही एक डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। राजमणि सड़क पर गिर गए और डंपर का पिछला टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक चालक डंपर लेकर भाग चुका था। सूचना मिलने पर घूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को बाइक में टंगे झोले में शादी के कार्ड मिले, जिन पर लिखे मोबाइल नंबर के माध्यम से मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने बताया कि राजमणि यादव के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उनकी बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी पुत्री का विवाह 30 अप्रैल को होना है। राजमणि कई दिनों से अपनी छोटी बेटी की शादी के कार्ड बांट रहे थे। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अब यह खुशी गम में बदल गई है। थाना प्रभारी घूरपुर दिनेश सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस डंपर और चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein