![]()
बिजली के पोल से टकराकर बाइक सवार की मौत:सुलतानपुर में मामा की शादी से लौटते समय हादसा, 26 दिन पहले हुआ था बेटी का जन्म
बल्दीराय थाना क्षेत्र के नरसिंहपुर गांव निवासी अंकित शर्मा की बुधवार देर रात करीब 2 बजे बारात से लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी बाइक बहाउद्दीनपुर गांव के पास एक विद्युत पोल से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल अंकित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जयसिंहपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंकित अपने मामा गिरजा शंकर शर्मा के बेटे हरिमंगल शर्मा की बारात में शामिल होने गोसाईगंज थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव आए थे। यह बारात कूड़ेभार थाना क्षेत्र के मकदूमपुर बनरहा गांव से राम मिलन शर्मा के घर आई थी। वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होने के बाद अंकित देर रात अपने घर लौट रहे थे। बहाउद्दीनपुर गांव स्थित पावन धाम के पास उनकी बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही अंकित के बड़े भाई जगमोहन शर्मा मौके पर पहुंचे। जगमोहन शर्मा ने डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अंकित को तत्काल सीएचसी जयसिंहपुर पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अंकित शर्मा अपने पीछे दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी अन्नू लगभग ढाई वर्ष की है, जबकि दूसरी बेटी का जन्म मात्र 26 दिन पहले हुआ था। पिता की असामयिक मृत्यु से दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया है। अंकित गांव में किराना की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply