![]()
बिजनौर में आंधी-बारिश बनी आफत:बारातघर की दीवार गिरने से 35 वर्षीय युवक की मौत, बिजली व्यवस्था चरमराई
बिजनौर में देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं कई जगह यह आंधी भारी तबाही लेकर आई। मंडावली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बारातघर की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मंडावली क्षेत्र में बैंकट हॉल की टीन शेड और दीवार तेज आंधी में ढह गई। इसके मलबे में दबकर राहतपुर खुर्द निवासी 35 वर्षीय फरियाद की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर में कई जगह हुआ नुकसान शाम करीब पौने 6 बजे शुरू हुई धूल भरी आंधी इतनी तेज थी कि शहर के कई हिस्सों में लगे होर्डिंग बोर्ड टूटकर गिर गए। सड़क किनारे पेड़ों की टहनियां भी टूट गईं। मोहल्ला चाहशीरी निवासी रिजवान का सोलर पैनल उड़कर दूसरी छत पर जा गिरा, जिससे करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ। बिजली व्यवस्था भी हुई चरमराई आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली विभाग को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।आंधी थमने के बाद अचानक घने बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले तीन दिनों का मौसम रिकॉर्ड कृषि अनुसंधान केंद्र नगीना के अनुसार: 28 अप्रैल: अधिकतम 35.0°C, न्यूनतम 19.9°C 29 अप्रैल: अधिकतम 33.2°C, न्यूनतम 20.2°C 30 अप्रैल: अधिकतम 34.4°C, न्यूनतम 19.2°C सापेक्ष आर्द्रता लगातार 90% के आसपास बनी रही, जिससे उमस भी महसूस की गई।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply