![]()
फर्रुखाबाद में दो दरोगा समेत 16 पुलिसकर्मी पर FIR:घर में घुसकर जेवर-नकदी लूटने और हिरासत में रखने का आरोप
फर्रुखाबाद के कायमगंज थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एक महिला ने दो उपनिरीक्षकों समेत 16 पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर लूटपाट करने, परिजनों को अवैध हिरासत में रखने और बाद में फर्जी मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक स्तर पर सुनवाई न होने के बाद पीड़िता ने न्यायालय का रुख किया। मऊ रशीदाबाद कलाखेल निवासी सायदा बेगम पत्नी मुख्तार खां ने विशेष न्यायाधीश के न्यायालय में धारा 175 (3) BNSS के तहत प्रार्थनापत्र दाखिल किया है। इसमें आरोप लगाया गया है कि 26 जनवरी 2026 की रात करीब 2 बजे उपनिरीक्षक सोमवीर, जितेंद्र कुमार सहित कई पुलिसकर्मी बिना वारंट के उनके घर में घुस आए। महिला का आरोप है कि तलाशी के नाम पर पुलिसकर्मियों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 90 हजार रुपये नकद लूट लिए। लूटे गए सामान में सोने का झूमर, हार, अंगूठियां और चांदी के कंगन व पायल शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार, इस घटना को ग्रामीणों ने देखा और उसका वीडियो भी बनाया गया है। सायदा बेगम ने बताया कि विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उनके परिजनों के साथ मारपीट की और मुख्तार खां, असद खान, सुभान और तारिक को जबरन उठा ले गए। कक्षा 11 के छात्र सुभान को बाद में छोड़ दिया गया, जबकि अन्य तीनों को दो दिनों तक अवैध हिरासत में रखा गया। आरोप है कि 28 जनवरी को पुलिस ने एक पुराने खंडहर से गिरफ्तारी दिखाकर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने थाना और पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर मामले में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की। वहीं पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर और न्यायालय के आदेश के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply