![]()
फर्रुखाबाद में कार की ऑटो से टक्कर, दो घायल:तिलक में मिली नई कार के एयरबैग खुलने से बची जान, 19 अप्रैल को है शादी
फर्रुखाबाद में कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ मार्ग पर एक ऑटो और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो में सवार एक युवक और कार में सवार एक अन्य युवक घायल हो गए। कार के एयरबैग खुलने से उसमें सवार अन्य लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ऑटो में सवार शाहजहांपुर जनपद के रैना गांव निवासी बृजेश यादव और कार में सवार नरेश घायल हुए। पुलिस ने घायल बृजेश को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। बृजेश ने बताया कि वह कोर्ट में अपनी तारीख के लिए आए थे। यह कार शमशाबाद थाना क्षेत्र के बरई गांव निवासी मोहित के भाई चेतन को 14 अप्रैल को तिलक समारोह में मिली थी। चेतन की शादी 19 अप्रैल को होनी है। गुरुवार शाम को मोहित अपनी ननिहाल कन्नौज जनपद के गुरसहायगंज से कार लेकर लौट रहे थे। उनके साथ कार में मामा नरेश और ममेरी बहनें मीना, सोनी और ज्योति भी थीं। वे फतेहगढ़-फर्रुखाबाद मार्ग पर गायत्री इंटरनेशनल स्कूल के पास पहुंचे थे। इसी दौरान फर्रुखाबाद की तरफ से फतेहगढ़ जा रहे एक ऑटो का अगला पहिया अचानक पंचर हो गया। इससे ऑटो अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार से जा टकराया।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply