![]()
पूर्व सांसद की भतीजी को फोन पर दिया तीन तलाक:ससुराल में घुसने से रोका, व्यापार के नाम पर 4 करोड़ लेने का आरोप
मुज़फ़्फ़रनगर में पूर्व बसपा सांसद हाजी याकूब कुरैशी के परिवार से जुड़ा एक हाई प्रोफाइल पारिवारिक विवाद सामने आया है। उनकी भतीजी ज़ैबा परवीन ने अपने पति पर फोन पर ‘तीन तलाक’ देने और ससुराल में प्रवेश से रोकने का आरोप लगाया है। ज़ैबा परवीन का निकाह वर्ष 2020 में मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी चमड़ा कारोबारी हाजी फराज के साथ हुआ था। शुरुआती दौर में सब सामान्य रहा। विवाद तब गहराया जब जैबा के परिवार ने आरोप लगाया कि फराज ने व्यापार के नाम पर जैबा के भाई से लगभग 4 करोड़ रुपये उधार लिए, जो अब तक वापस नहीं किए गए हैं। जैबा परवीन के अनुसार, जब भी उन्होंने पैसों की वापसी की बात की, उनके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया गया। हाल ही में उन्हें बहाने से मेरठ भेज दिया गया, जहां फोन पर तीन बार ‘तलाक’ कहकर रिश्ता खत्म करने की बात कही गई। मंगलवार शाम जब ज़ैबा मुज़फ़्फ़रनगर स्थित अपने ससुराल पहुंचीं, तो उन्हें घर के बाहर ही रोक दिया गया। काफी देर तक गुहार लगाने के बावजूद दरवाजा नहीं खोला गया, जिसके बाद वह घर के बाहर ही बैठ गईं। पीड़िता ने बताया कि उनकी दो बेटियां अभी ससुराल में ही हैं। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। ज़ैबा ने प्रदेश सरकार से हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने और अपने वैवाहिक अधिकारों की बहाली की मांग की है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply