![]()
पूर्व राज्यमंत्री के समधी के 18 लाख की चोरी:प्रयागराज में घेरने की कोशिश पर पड़ोसियों पर असलहा तानकर भागे बदमाश
प्रयागराज के झूंसी में पूर्व राज्य मंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल भंवरा के समधी के घर से चोर 18 लाख का माल ले उड़े। मंगलवार देर रात आहट मिलने पर पड़ोसियों ने चोरों को घेरने की कोशिश की तो उन्होंने असलहा तान दिया। इसके बाद गोली मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूने मकान को बनाया निशाना
नवाबगंज के रहने वाले बाबूलाल भंवरा बसपा सरकार में राज्य मंत्री रहे। 2024 में उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली। झूंसी के हवेलिया में रहने वाले कमला शंकर सरोज पू्र्व राज्य मंत्री के समधी हैं। पिता के निधन के कारण वह पिछले दिनों पूरे परिवार के साथ गांव गए हुए थे। उनका मकान पूरी तरह खाली था। इसी बात की भनक बदमाशों को लग गई और उन्होंने मौके का फायदा उठाते हुए देर रात करीब एक बजे घर पर धावा बोल दिया।
बदमाशों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर अंदर घुसकर कमरों की तलाशी शुरू कर दी। घर में रखी अलमारियों और लॉकर को खंगालते हुए नकदी, जेवरात समेत करीब 18 लाख रुपये का सामान समेट लिया।
दरोगा को हुई आहट, बदमाशों ने असलहा निकाला
घटना के दौरान पड़ोस में रहने वाले एक दरोगा, जो वर्तमान में लखनऊ में तैनात हैं, ड्यूटी से वापस लौटे। घर के पास हलचल और आवाजें सुनकर उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत अपने परिवार और आसपास के लोगों को बुलाया।
जब लोगों ने बदमाशों को घेरने की कोशिश की, तो वे भागने लगे। इसी दौरान एक बदमाश ने पलटकर असलहा निकाल लिया और सीधे लोगों की ओर तान दिया। अचानक सामने हथियार देख लोग ठिठक गए और डर के कारण पीछे हट गए। इसका फायदा उठाकर बदमाश मौके से फरार हो गए।
एक पड़ोसी के घर में बाहर से ताला लगाया
बदमाशों ने भागने से पहले पड़ोस में रहने वाले उदय प्रकाश के घर के गेट पर बाहर से ताला जड़ दिया। इससे घर के लोग बाहर नहीं निकल सके और बदमाशों को भागने के लिए पर्याप्त समय मिल गया।
पुलिस की सुस्ती पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि रातभर पुलिस सिर्फ खानापूर्ति करती रही। न तो मौके पर डॉग स्क्वाड बुलाया गया और न ही फॉरेंसिक टीम पहुंची। सुबह तक भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी फैल गई।
पूर्व मंत्री का फूटा गुस्सा
वारदात की जानकारी मिलते ही पूर्व मंत्री बाबूलाल भंवरा का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सीधे पुलिस कमिश्नर को फोन कर पुलिस की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई और जल्द से जल्द बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। इस मामले में झूंसी एसएचओ से बात करने का प्रयास किया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply