![]()
पूर्व पुलिसकर्मी ने भिखारी की हत्या कर खुद मृत दिखाया:हाथरस में पुराने मुकदमों और जेल से बचने के लिए रची थी साजिश
जीआरपी हाथरस ने हाथरस रोड हाल्ट स्टेशन पर एक भिखारी की जलाकर हत्या के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी रामवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुराने मुकदमों और जेल से बचने के लिए यह खौफनाक साजिश रची थी। उसने खुद को मृत साबित करने के लिए एक अज्ञात व्यक्ति की हत्या की योजना बनाई थी। यह घटना 12 मार्च 2026 को सामने आई थी, जब हाथरस रोड हाल्ट स्टेशन के टीन शेड में एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव मिला था। जीआरपी थाना हाथरस सिटी में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम गठित की गई थी। लगातार जांच के बाद, 14 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र निवासी आरोपी रामवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी रामवीर सिंह ने बताया कि वह पूर्व में उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी था, लेकिन आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के कारण उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। हत्या के बाद अपना पहचान पत्र रख दिया था मौके पर… उस पर फिरोजाबाद, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, मैनपुरी और बदायूं सहित कई जिलों में हत्या, अपहरण, लूट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। अपनी योजना के तहत, आरोपी ने हाथरस रोड हाल्ट पर भीख मांगने वाले एक अज्ञात व्यक्ति को निशाना बनाया। उसने उस व्यक्ति की हत्या कर उसे जला दिया और अपने पहचान पत्र उसके पास रख दिए ताकि यह लगे कि उसकी खुद की मौत हो गई है। घटना को अंजाम देते समय आरोपी खुद भी झुलस गया था, जिससे पुलिस को सुराग मिला और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस मामले के खुलासे में जीआरपी हाथरस सिटी की टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें थानाध्यक्ष सुयश सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply