![]()
न्याय की उम्मीद पर छठे दिन भी व्यापारियों का प्रदर्शन:मेरठ की सेंट्रल मार्केट में बोले- पैदल यात्रा से हमारा नहीं मतलब
मेरठ की सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद व्यापारियों का प्रदर्शन छठे दिन भी जारी रही , व्यापारियों का कहना है कि वह अपने हक और न्याय के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने आज निकाले जाने वाली पैदल यात्रा को लेकर कहा कि हम यहां बैठकर अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं, किसी ने क्या किया इस से हमारा कोई मतलब नहीं है। छठे दिन भी व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहा। बड़ी संख्या में दुकानदारों और व्यापारियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का कहना है कि उनके साथ अन्याय किया जा रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है। व्यापारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, उनका आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन पर आरोप लगाया कि बिना उचित समाधान के सुप्रीम कोर्ट द्वारा यह आदेश दिया गया है। उनका कहना है कि इस पूरे प्रकरण में उनकी बात सुने बिना कार्रवाई की जा रही है, जिससे उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है और आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
इस बीच मौके पर पुलिस बल की तैनाती भी देखी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है, हालांकि अब तक किसी ठोस समाधान की घोषणा नहीं हुई है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सिर्फ सेंट्रल मार्केट का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे शहर के व्यापारियों के अधिकारों से जुड़ा हुआ मामला है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply