![]()
जौनपुर में ग्राम सभा की जमीन पर अवैध कब्जा:अधिवक्ता पर फर्जीवाड़े, धमकाने का आरोप; ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत
जौनपुर जिले के सिरकोनी क्षेत्र के बदलपुर गांव में ग्राम सभा की जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एक अधिवक्ता पर सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने, फर्जी दस्तावेज बनाने और धमकाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र से शिकायत की है। सदर तहसील के परगना व्यालसी स्थित बदलपुर गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव के गाटा संख्या 276 की बंजर भूमि पर सुजीत कुमार यादव पुत्र श्यामनाथ यादव ने अवैध कब्जा कर निर्माण कर लिया है। यह भूमि ग्राम सभा की संपत्ति है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपी सुजीत कुमार यादव पेशे से अधिवक्ता हैं और कानून का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन पर ग्रामीणों की जमीनों पर भी फर्जी कागजात बनाकर कब्जा करने का आरोप है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि सुजीत कुमार यादव उन्हें घरों को गिराने की धमकी दे रहे हैं और नए निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। वे शिकायत करने पर ग्रामीणों को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजने और उनके घर गिराने की धमकी भी देते हैं।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस मामले में स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने सुजीत कुमार यादव के खिलाफ सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा, फर्जी कागजात बनाने और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की अपील की है। ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई और उच्च-स्तरीय जांच पूरी होने तक उनके अधिवक्ता पेशे पर रोक लगाने की भी मांग की है। शिकायतकर्ताओं में अरुण कुमार यादव, संजय सिंह, देवराज सिंह, बांकेलाल यादव, दयाराम यादव, जंगी यादव, देवराज यादव, रामहरण यादव, जियाराम यादव, भगेलू यादव, सतिराम यादव, वैद्यनाथ यादव, राजेश यादव, रत्तीराम यादव और रामायण सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply