![]()
जमीन विवाद में युवक पानी की टंकी पर चढ़ा:कुशीनगर में ऊपर से बरसाए 500 के कई नोट, बोला- पैसे ले लो लेकिन काम कर दो
तमकुहीराज तहसील परिसर में गुरुवार दोपहर एक युवक के पानी की टंकी पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। दोपहर करीब 1:25 बजे हुई इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और प्रशासनिक महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नगर पंचायत तमकुहीराज के वार्ड नंबर 01 अम्बेडकर नगर निवासी बृजकिशोर यादव पुत्र सूरज यादव ने आरोप लगाया कि वह पिछले दो वर्षों से जमीनी विवाद को लेकर तहसील और थाने का चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे अब तक न्याय नहीं मिल सका। विपक्षी द्वारा निर्माण कराने से नाराज था, ऊपर से उड़ाए 500 के नोट यह मामला अम्बेडकर नगर स्थित आबादी की आराजी संख्या 196ज (रकबा 384 डिसमिल) से जुड़ा है, जिसे तहसील प्रशासन पहले ही जब्त कर चुका है। पीड़ित का कहना है कि भूमि जब्त होने के बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा पक्का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि उसके अपने निर्माण कार्य को प्रशासन और पुलिस द्वारा रोक दिया गया। इसी से आक्रोशित होकर बृजकिशोर यादव पानी की टंकी पर चढ़ गया और न्याय की मांग करने लगा। टंकी पर चढ़े युवक ने नाटकीय अंदाज में 500 रुपये के 20 नोट नीचे फेंक दिए और आरोप लगाया कि अधिकारी उससे पैसे मांग रहे हैं। उसने कहा, “पैसा ले लो और मेरा काम करा दो।” तहसीलदार महेश कुमार मौके पर पहुंचे पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष स्थानीय सभासद के प्रभाव में है, जिसके चलते उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो रही है। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार महेश कुमार मौके पर पहुंचे और तत्काल दूसरे पक्ष का निर्माण कार्य रुकवाया। उन्होंने पीड़ित को न्याय का भरोसा दिलाते हुए टंकी से नीचे उतरने की अपील की। काफी समझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply