![]()
गोरखपुर में हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ी किशोरी:प्रेमी के घर जाने की करने लगी जिद, ढाई घंटे चला ड्रामा, व्हाट्सएप मैसेज से मनाया
गोरखपुर के चिलुआताल इलाके में प्रेमी के घर रहने की जिद कर रही 16 साल की किशोरी हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। तभी सूचना पर चिलुआताल पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उससे व्हाट्सएप मैसेज भेजकर उसकी शर्त मानने की बात कही गई। इसके बाद वह नीचे उतरी। अब जानिए पूरा मामला…
चिलुआताल क्षेत्र की रहने वाली किशोरी एक माह पहले घर से लापता हो गई थी। मां की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे बरामद करने के साथ ही बालापार के रहने वाले शिवम उर्फ गणेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद किशोरी को उसकी मां के साथ घर भेज दिया गया था। गुरुवार की सुबह नौ बजे किशोरी कोल्हुआ घाट पक्के पुल के पास से गुजर रहे हाईटेंशन पोल पर चढ़ गई। जानकारी होने पर पुलिस ने नीचे उतारने का प्रयास किया पर बात नहीं बनी। मोबाइल पर भेजा गया मैसेज मोबाइल पर संपर्क किया गया तो वह प्रेमी के घर रहने की जिद पर अड़ी थी। इसके बाद प्रेमी से समझौते का सुलहनामा तैयार कर उसे वाट्सएप मैसेज किया गया। जिसे पढ़ने के बाद वह नीचे उतरी। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि एक किशोरी हाईटेंशन बिजली के पोल पर चढ़ गई थी, उसे समझाकर नीचे उतारा गया। उसकी मां के साथ उसे घर भेजा गया है। पुलिस उसकी आगे भी काउंसिलिंग करती रहेगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply