![]()
गोदाम के बाहर खड़ा ई रिक्शा 20 मिनट में चोरी:प्रयागराज में पीड़ित को 6:30 घंटे तक दौड़ाने के बाद भी नहीं की कार्रवाई
प्रयागराज के बैरहना में चोर दिनदहाड़े 20 मिनट के भीतर ई रिक्शा चोरी कर ले गए। चालक का आरोप है कि दोपहर तीन बजे से रात 9:30 बजे तक उसे थाने से चौकी तक दौड़ाया जाता रहा लेकिन एफआईआर नहीं लिखी गई। उधर कीडगंज पुलिस ने कोई शिकायत मिलने की बात से इंकार किया।
अभिषेक शर्मा कीडगंज के कृष्णा नगर मोहल्ले का रहने वाला है। उसने बताया, दिसंबर में उसने एक ई रिक्शा खरीदा। इसी को चलाकर वह अपना परिवार चला रहा था। मंगलवार दोपहर वह ई रिक्शा लेकर बैरहना में निरंकारी भवन के पास खन्ने सोनकर के गोदाम में गया था। गोदाम के बाहर खड़ा था वाहन
उसे कुछ सामान लेना था, ऐसे में वह गोदाम के बाहर ई रिक्शा खड़ाकर भीतर चला गया। करीब 20 मिनट बाद वह बाहर आया तो ई रिक्शा गायब था। आसपास के लोगों से पूछा लेकिन कोई कुछ बता नहीं सका।
अभिषेक ने बताया, उसने फोन से सूचना दी तो डायल 112 पुलिस पहुंची। पुलिसकर्मियों ने उससे कहा कि वह साइबर कैफे से जाकर ऑनलाइन एफआईआर कराए। वह साइबर कैफे गया लेकिन वहां पता चला कि ऑनलाइन सामान खोने की शिकायत ही दर्ज होगी। इसके बाद वह बैरहना चौकी गया तो उसे थाने भेज दिया गया।
रात 9:30 बजे वापस चला आया
थाने जाने पर वहां कार्यालय में मौजूद दीवान ने उसे बैरहना चौकी भेज दिया। बैरहना चौकी में उसे तीन घंटे तक बैठाए रखा गया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद वह हारकर रात 9:30 बजे के करीब वापस चला आया। इस मामले में कीडगंज थानाध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने बताया कि उनके पास ऐसी कोई शिकायत नहीं आई। शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply