गोकुल में डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती:भव्य शोभायात्रा निकाली गई, लोगों ने समानता का संकल्प लिया


                 गोकुल में डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती:भव्य शोभायात्रा निकाली गई, लोगों ने समानता का संकल्प लिया

गोकुल में डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती:भव्य शोभायात्रा निकाली गई, लोगों ने समानता का संकल्प लिया

मथुरा के गोकुल क्षेत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बुधवार देर रात एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद शोभायात्रा 11 नंबर मोड़, गोकुल से प्रारंभ होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरी। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में नीले झंडे लेकर “बाबा साहेब अमर रहें” के नारे लगाए। महिलाएं और पुरुष डीजे की धुन पर गीतों के साथ झूमते नजर आए, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय हो गया। यात्रा के दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने शोभायात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिससे आयोजन का उत्साह और बढ़ गया। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में समानता, भाईचारे और न्याय की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन ने सामाजिक समरसता और एकता का मजबूत संदेश दिया।


Source: Dainik Bhaskar via DNI News

Puri Khabar Yahan Padhein