![]()
गाजियाबाद में 500 झुग्गी-झोपड़ियां में भीषण आग:10 किमी. दूर से दिख रहा धुएं का गुबार, दमकल की 8 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनमणि गांव में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे करीब 500 झुग्गी-झोपड़ियों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि दूर से ही ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार साफ दिखाई दे रहा था। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब आठ गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए नोएडा से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं। देखें झुग्गियों में आग लगने की दो तस्वीरें… बताया जा रहा है कि झुग्गी-झोपड़ियों में प्लास्टिक, लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में मौजूद थी, जिसकी वजह से आग तेजी से फैल गई और उसे बुझाने में काफी दिक्कत हो रही है। आसपास रिहायशी इलाका होने के कारण लोगों को धुएं से सांस लेने में परेशानी हो रही है। कई लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग ने कुछ ही समय में कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply