![]()
गाजियाबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर स्कूटी रैली:सैकड़ों महिलाओं ने लिया हिस्सा, जागरूकता का संदेश
गाजियाबाद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। डॉ. हिमानी अग्रवाल सदस्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा ने दुर्गा भाभी चौक, नवयुग मार्केट से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली जीटी रोड स्थित रानी लक्ष्मी बाई की प्रतिमा तक पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ी लगभग 600 से अधिक महिलाएं अपनी स्कूटियों के साथ शामिल हुईं। इसका उद्देश्य लोगों का ध्यान इस महत्वपूर्ण कानून की ओर आकर्षित करना था। डॉ. हिमानी अग्रवाल ने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कानून के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित की गई हैं। इससे राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और उनकी आवाज को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना की और महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इसी जागरूकता अभियान के तहत मुरादनगर में भी एक स्कूटी रैली का आयोजन किया गया। काइट कॉलेज से रैपिड रेल स्टेशन तक आयोजित इस रैली को विधायक अजीत पाल त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें भी 500 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया। विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को राजनीति में आगे लाना, उनकी भागीदारी बढ़ाना और समाज में लैंगिक समानता को मजबूत करना है। उन्होंने जोर दिया कि इस तरह की रैलियां लोगों में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply