![]()
कानपुर में 300 शादियों में पहुंचाए सिलेंडर:DSO बोले- शादी का कार्ड जरूरी, 24 घंटे में मिलेगा सिलेंडर; आपूर्ति लिपिक की तैनाती
अगर आपके घर में भी शादी है तो अब सिलेंडर की किल्लत की टेंशन छोड़ दीजिए। बस आपको शादी का कार्ड और एप्लीकेशन के साथ जिलापूर्ति कार्यालय कचहरी के सामने ऑफिस में देना है। 24 घंटे के भीतर आपके घर पर सिलेंडर पहुंच जाएगा या फिर जाकर ले सकते हैं। इस पूरी व्यवस्था को देखने के लिए जिलापूर्ति कार्यालय में विशेष आपूर्ति लिपिक की तैनाती कर दी गई है। अब तक 300 से ज्यादा लोगों को एप्लीकेशन देते ही उनको शादी-ब्याह के लिए गैस सिलेंडर मुहैया कराया जा चुका है। शादी का कार्ड जरूरी, फर्जीवाड़ा रोकने को होगा सत्यापन जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि, शादियों के सीजन को देखते हुए विभाग ने एक विशेष व्यवस्था शुरू की है। जो भी अभिभावक शादी का कार्ड और प्रार्थना पत्र लेकर आ रहे हैं, विभाग तुरंत उनके नाम से एक आदेश जारी कर रहा है। यह आदेश संबंधित ऑयल कंपनी के सेल्स ऑफिसर के नाम होता है। अब तक विभाग के पास 300 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं, जिनका निपटारा समय रहते कर दिया गया है। प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आदेश पत्र पर सेल्स ऑफिसर का मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जा रहा है ताकि उपभोक्ता को किसी भी स्तर पर परेशानी न हो। जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि इस व्यवस्था में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए ही लिपिक की तैनाती की गई है। सत्यापन करने के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है। फिलहाल अभी तक इस तरह का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। अगल डेस्क बनाकर सौंपी जिम्मेदारी जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि जिनके घरों में शादी-ब्याह थे, उन्हें सिलेंडर के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। इस असुविधा को देखते हुए जनप्रतिनिधियों ने भी डीएम को ज्ञापन दिया था। इसके बाद यह व्यवस्था शुरू की गई और लोगों की समस्या का निस्तारण कर दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने ऑफिस में एक आपूर्ति लिपिक को विशेष रूप से इसी काम के लिए नामित किया है। दिनभर जितने भी आवेदन आते हैं, संबंधित क्लर्क शाम को उनकी लिस्ट तैयार कर आदेश प्रेषित कर देता है। शाम को ही संबंधित ऑयल कंपनियों के व्हाट्सएप ग्रुप में इन आदेशों को भेज दिया जाता है। इसके बाद जैसे ही आदेश गैस एजेंसी के पास पहुंचता है, एजेंसी खुद उपभोक्ता को फोन करके सूचित करती है कि उनका सिलेंडर अलॉट हो गया है और वे इसे प्राप्त कर सकते हैं।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply