![]()
एसपी साहब…मेरे पति की दूसरी शादी रुकवा दीजिए:महिला ने कप्तान से की शिकायत, 3 मई को होनी है शादी, कार्रवाई की मांग
फर्रुखाबाद जनपद की फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुटरा निवासी सरस्वती कटियार ने गुरुवार को हरदोई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात कर अपने लेखपाल पति अरुणेश यादव पर दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है। सरस्वती अपने पिता संतोष कटियार के साथ एसपी कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके पति अरुणेश यादव हरदोई की सदर तहसील में लेखपाल हैं। वह 3 मई को दूसरी शादी करने जा रहे हैं। अरुणेश हरदोई के सांडी थाना क्षेत्र के गुर्रा गांव के निवासी हैं। सरस्वती ने बताया उन्होंने और अरुणेश ने 12 दिसंबर 2022 को प्रेम प्रसंग के बाद आर्य समाज मंदिर में उनसे विवाह किया था। शादी के बाद दोनों हरदोई शहर के मोहल्ला सराय थोक में किराए के मकान में रहने लगे थे। चार माह तक दोनों में रिश्ता अच्छा रहा। फिर कुछ समय बाद अरुणेश ने सरस्वती पर मायके जाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया, जिसके बाद उनके रिश्ते खराब हो गए। मामले को सुलझाने के लिए कई बार पंचायतों का आयोजन किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका। सरस्वती कटियार ने एसपी से मांग की है कि उनके पति अरुणेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए, क्योंकि उन्हें जानकारी मिली है कि उनकी दूसरी शादी 3 मई को तय हो चुकी है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply