![]()
एटा पुलिस ने ठगी गैंग का भंडाफोड़:तीन महिलाओं सहित 8 गिरफ्तार, नकदी व दस्तावेज बरामद, लेडी गैंगस्टर शामिल
एटा पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह आठ दिन पहले रेलवे रोड पर एक वैगन आर कार से चार लाख रुपये से भरे बैग की रहस्यमय चोरी की वारदात में शामिल था। पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित कुल आठ शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर इन आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से पचास हजार चार सौ रुपये नकद, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में वेंकटेश (30, पुत्र सुब्रमणि, सेल्बापुरम, तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु), राजू लक्ष्मण (49, पुत्र लक्ष्मण, गांधी नगर, तिरुवरुमपुर, तमिलनाडु), अजीत (30, पुत्र बसकर, गांधीनगर, थिरूबेरमपुर, तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु), शिवा कुमार पी (25, पुत्र कोड़ीराज, कीलापुरम थायनूर) गणेश (पुत्र सोडिया, गांधी नगर, थिरूबेरम पुर, तिरुचिरापल्ली), संतोषी नायडू (पत्नी मरनना नायडू, नवाब पुर, नंदुरबार, महाराष्ट्र), बचकिया रानी (पत्नी सुब्रमणि, सेल्बापुरम फर्स्ट स्ट्रीट, तमिलनाडु) और बसंती बालमुराग नायडू (पत्नी बाल मुराग नारायण नायडू, बाकी पाड़ा, नंदुरबार, महाराष्ट्र) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों का उत्तर प्रदेश सहित बाहरी राज्यों में भी आपराधिक इतिहास दर्ज है। आरोपी गणेश पर बाराबंकी और एटा सहित चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, ‘लेडी गैंगस्टर’ संतोषी पर वाराणसी, बाराबंकी और एटा में गैंगस्टर एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। अपराधी वेंकटेश के खिलाफ एटा, प्रयागराज, कानपुर नगर और बाराबंकी सहित कई जनपदों में नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply