![]()
उन्नाव में बाइक-ट्रैक्टर ट्रॉली भिड़ंत में चालक की मौत:पत्नी, देवरानी और उसकी एक साल की बेटी घायल, एक महिला रेफर
उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की भिड़ंत में बाइक चालक राहुल (27) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसकी पत्नी सियादुलारी (25), देवरानी कोमल (22) और एक वर्षीय भतीजी सृष्टि गंभीर रूप से घायल हो गईं। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव निवासी राहुल अपने पिता रामकिशोर उर्फ धन्ना, पत्नी सियादुलारी, छोटे भाई जितेंद्र की पत्नी कोमल और उसकी बेटी सृष्टि के साथ बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के अतरधनी गांव में एक गोद भराई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब नौ बजे वे सभी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर बारी गांव के पास उनकी बाइक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के बाद सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे रिश्तेदारों ने घायलों को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर दिनेश कुमार ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। कोमल की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक राम राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply