![]()
अभि सिंघल बने मेरठ रालोद व्यापार प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष:चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को अपनाकर आगे बढ़ने का लिया संकल्प
मेरठ में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) व्यापार प्रकोष्ठ की एक महत्वपूर्ण बैठक बॉम्बे बाजार स्थित चैंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में आयोजित हुई। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारी, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिससे संगठन की बढ़ती सक्रियता और जनाधार का संकेत मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि त्रिलोक त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल और जम्मू-कश्मीर प्रभारी विनय प्रधान का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए अभि सिंघल को मेरठ व्यापार प्रकोष्ठ का नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। उनके नाम की घोषणा होते ही सभागार तालियों से गूंज उठा। वहीं, दीपक कुमार अग्रवाल को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। मुख्य अतिथि त्रिलोक त्यागी ने कहा कि रालोद हमेशा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने व्यापारियों के मुद्दों को प्राथमिकता से उठाने की बात कही। विनय प्रधान ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बाजार और गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष अभि सिंघल ने व्यापारियों को संगठित करने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाजार स्तर पर बैठकों और अभियानों के जरिए संगठन को मजबूत किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रबुद्ध कुमार, रिचा, ओडी त्यागी, दिलप्रीत सिंह कोहली, संगीता दोहरे, अभिमन्यु ललसाना, विवेक बैफर, अनीकेत भारद्वाज और नरेंद्र खजूरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Source: Dainik Bhaskar via DNI News
Leave a Reply