सम्भल के हयातनगर थाना क्षेत्र के शाजीपुरा मोहल्ले में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। इस घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिनमें वीर सिंह, उनकी पत्नी किरण और पुत्र आकाश शामिल हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। वीर सिंह ने पुलिस को बताया कि परिवार में किसी की मृत्यु के कारण वे कुछ समय के लिए बाहर गए थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर के बाहर कहासुनी चल रही थी। उनका आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के विशाल, प्रदीप और विनीत (पुत्रगण भगवान दास) ने उन पर डंडों से हमला कर दिया। वीर सिंह के अनुसार, दूसरा पक्ष लंबे समय से उन पर मकान बेचने का दबाव बना रहा है, जिसके कारण अक्सर विवाद होता रहता है। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 1995 में लिए गए एक कर्ज को लेकर भी दोनों परिवारों में पहले विवाद हो चुका है। वीर सिंह की पत्नी किरण ने भी दूसरे पक्ष पर अक्सर विवाद खड़ा करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि दो महीने पहले भी मारपीट की घटना हुई थी। किरण का कहना है कि उनका परिवार मकान क्यों बेचे, जबकि दूसरा पक्ष बार-बार झगड़ा करने का प्रयास करता है। दूसरे पक्ष से संपर्क नहीं हो सका है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा है और मामूली बातों पर अक्सर कहासुनी होती रहती है। पड़ोसियों के अनुसार, विवाद किस वजह से शुरू हुआ, यह स्पष्ट नहीं है, लेकिन पुरानी रंजिश के चलते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगाते रहते हैं। थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। घायल व्यक्तियों को सम्भल के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
https://ift.tt/lq9aD0b
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply