गोरखपुर निवासी संतोष पति त्रिपाठी उर्फ भोला तिवारी (31) की संत कबीरनगर में गोली लगने से घायल होने के बाद लखनऊ के केजीएमयू में मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। संतोष को सोमवार देर शाम खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास पर हमलावरों ने गोली मारी थी। यह घटना पैसे के लेन-देन और पुरानी रंजिश के विवाद को लेकर हुई थी। संतोष गोरखपुर जिले के सहजनवा क्षेत्र के रंदौली उर्फ मठिया गांव के निवासी थे। गोली लगने के बाद संतोष को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके बाद उन्हें गोरखपुर के एक निजी अस्पताल और फिर उसी रात लखनऊ के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। संतोष के पिता काशीनाथ त्रिपाठी की तहरीर पर पुलिस ने अनई निवासी आलोक सिंह, उसके भतीजे अमन सिंह, बरदहिया बाजार निवासी लल्ला शुक्ला, अततौरा कोतवाली खलीलाबाद निवासी चंदन सिंह और कुछ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मंगलवार को मगहर तिराहे के पास से मुख्य आरोपी रणवीर सिंह उर्फ आलोक सिंह, उसके भतीजे अमन सिंह और विवेक कुमार शुक्ला उर्फ लल्ला शुक्ला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। विवेक कुमार शुक्ला परमेश्वरपुर, हरपुर बुदहट, गोरखपुर का निवासी है और वर्तमान में बरदहिया बाजार, खलीलाबाद में रहता है। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि संतोष पति त्रिपाठी के सिर में गोली फंसी हुई थी। अपोलो अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद परिजन उन्हें केजीएमयू ले गए, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम लखनऊ में ही कराया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि दर्ज मुकदमे में अब हत्या की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। मामले के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
https://ift.tt/eNP6ba2
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply