गाजियाबाद की दुल्हन इन दिनों इंस्टाग्राम, फेसबुक पर फेमस हो रही हैं। पेशे से असिस्टेंट प्रोफेसर तान्या सिंह को एक वीडियो पर वाहवाही मिल रही है। ये वीडियो उनकी शादी के बाद मुंह दिखाई के फंक्शन का है। वीडियो में वह पीले रंग की साड़ी में लंबा घूंघट किए दिख रहीं। हाथ में गिटार हैं, धुन और सुर ऐसे कि लोग सुनने को मजबूर हो गए। उन्होंने गाना गाया- तेरा मेरा प्यार अमर…। घर के कंपाउंड में उन्हें घेरकर महिलाएं बैठी थीं, जो घूंघट वाली दुल्हन का गाना सुनकर फिदा हो गईं। अपना वीडियो वायरल होने के बाद तान्या सिंह कहती हैं- शादी के बाद मैं पहली बार ससुराल पहुंची। गांव में संगीत का प्रोग्राम हो रहा था। पति ने मेरे हाथों में गिटार दे दिया। मैंने गिटार बजाया। रिश्तेदार और परिवार वाले वीडियो बना रहे थे। मेरा यही वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। मुझे नहीं पता था कि ये इतना वायरल हो जाएगा। तान्या एटा जिले के अंबेडकरनगर की रहने वाली हैं। वह म्यूजिक सब्जेक्ट की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। 28 नवंबर को उत्तराखंड के सोन प्रयाग के त्रियुगी नारायण मंदिर में उन्होंने शादी की। फिर 30 नवंबर को पति आदित्य गौतम के साथ गाजियाबाद के मोहम्मदपुर कदीम गांव में अपनी ससुराल पहुंची थीं। उनके पति यूपी पावर कापोर्रेशन लिमिटेड में SDO के पद पर हैं। दोनों की पोस्टिंग सहारनपुर में है। तान्या ने गाजियाबाद में अपने पति के पैतृक घर पर दैनिक भास्कर से बात की। पूरा इंटरव्यू पढ़िए… सवाल. शादी कैसे तय हुई? अरेंज मैरिज है या लव मैरिज? तान्या. अरेंज मैरिज है, दरअसल मैट्रिमोनियल साइट के जरिए आदित्य से मेरी मुलाकात हुई। फोन पर करीब 2 साल तक हमारी बातचीत होती रही। नेचर समझ आया तो अपने-अपने परिवार में भी रिश्ते के बारे में बता दिया गया। कोई दबाव नहीं था, मगर धीरे-धीरे मामला शादी तक पहुंच गया। सवाल. आपने उत्तराखंड में ही क्यों शादी की? तान्या. मैंने और आदित्य ने पहले ही तय किया था कि शादी उत्तराखंड के मंदिर में करेंगे। वो देवभूमि है, हमें ईश्वर का आशीर्वाद मिलेगा। आजकल लोग अपनी शादी पर बेवजह खर्च करते हैं। हमें तो सिंपल शादी करनी थी। मगर चार धाम के कपाट बंद होने की वजह से शादी करीब एक साल तक टलती रही। फाइनली 28 नवंबर को उत्तराखंड के सोन प्रयाग के त्रियुगी नारायण मंदिर में हमारी शादी हुई। सवाल. आप एक कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। आपने गिटार बजाना कब सीखा?
तान्या. मैंने क्लासिकल म्यूजिक दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट से सीखा। मेरे गुरु प्रोफेसर रवि भटनागर और डॉ. गौतम तिवारी सर रहे। गिटार मैंने कहीं से प्रोफेशनली नहीं सीखा। लॉकडाउन के दौरान मेरे भाई ने गिटार खरीदा। मैंने यूट्यूब देखकर खुद ही इसे सीखना शुरू किया। गूगल पर टेरिटोरियल वीडियो देखकर बजाने लगी। सवाल. शादी के बाद गिटार पर आपने पहली बार कौन-सा गाना गाया?
तान्या. तेरा मेरा प्यार अमर… गाया था, क्योंकि अभी वही गाना ट्रेंड में चल रहा है। उसके बाद तो लोगों की डिमांड आने लगी। फिर एक-एक करके कई गाने गाए थे। मैंने अपने पति को डेडिकेट करते हुए गाया- एक दिन आप यूं हमको मिल जाएंगे, मैंने सोचा ना था…। मगर लोग जो वीडियो लोग शेयर कर रहे हैं, वो तेरा-मेरा प्यार अमर गाने का है। सवाल. ससुराल का माहौल कैसा लग रहा है?
तान्या. माहौल तो बहुत अच्छा लगा। नई दुल्हन आई थी, घर पर सब लोग खुश थे। मुंह-दिखाई और स्वागत की रस्में होती हैं, वही कार्यक्रम था। साथ ही महिलाओं का संगीत भी चल रहा था। दरअसल, जनवरी में सगाई हो गई थी, इसलिए मैं ससुराल में सभी को पहले से जानती थी। सब बहुत प्यार करते हैं। शादी के बाद ऐसा नहीं लग रहा है कि किसी नए घर में आई हूं। सवाल. आपने पति को डेडिकेट करते हुए गाने क्यों गाए?
तान्या. जब से मैं इनसे (आदित्य) मिली हूं, यह गाना मेरे मन में हमेशा चलता रहता है। मैंने कभी सोचा नहीं था कि मुझे इतने सपोर्टिव और अच्छे स्वभाव वाले साथी मिलेंगे। इसलिए मौका मिला तो मैंने वही गाना गा दिया। सवाल. यूपी ही नहीं, पूरे विश्व में लोग आपके वीडियो को पसंद कर रहे, कैसा लग रहा है? तान्या. पढ़ाई के समय से ही मुझे गिटार बजाने का शौक रहा है। मैंने सोचा नहीं था कि शादी के बाद ससुराल में इस तरह से लोग मुझे जान जाएंगे और इतना फेमस कर देंगे। यह लाइफ में बहुत अच्छे पल हैं। पति और ससुराल वालों ने भी इसमें मेरा साथ दिया है। मैं यहीं कहना चाहूंगी कि म्यूजिक और अपनी संस्कृति को भी जिंदा रखने के लिए हमें कुछ न कुछ करते रहना चाहिए। अब तान्या के पति आदित्य की बात पति बोले- 2 साल की बात के बाद सिंपल शादी का फैसला किया
आदित्य कहते हैं- मेरी पत्नी तान्या सिंह म्यूजिक की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। वह सहारनपुर के मुन्नालाल डिग्री कॉलेज में पढ़ाती हैं। मैं यूपी पावर कापोर्रेशन लिमिटेड में SDO हूं। मेरी पोस्टिंग भी सहारनपुर जिले में है। मैंने 2014 में यूपी बोर्ड से एसएन मोदी साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज से 12वीं पास की। मेरे पिता सत्यवीर सिंह एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट में ऑफिसर रहे। बचपन से ही मेरा सपना इंजीनियर बनने का। 2018 में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज बिजनौर से बीटेक की पढ़ाई की। उसके बाद तैयारी शुरू की। कभी कोचिंग नहीं गया। घर पर ही 6-8 घंटे तैयारी करता था। आदित्य आगे कहते हैं- हम दोनों दोस्त थे। 2 साल तक मेरी और तान्या सिंह की फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद हम दोनों ने बिना दहेज और सिंपल तरीके से शादी करने का फैसला लिया। यह बात परिवार को बताई तो सभी शादी के लिए राजी हो गए। पति बोले- तान्या ढोलक बजाने वाली थी, मैंने ही गिटार दिया
हमने पूछा- आपका क्या लगता है कि तान्या का वीडियो इतना वायरल क्यों हो रहा है? आदित्य कहते हैं- शादियों में कई तरह की रस्में होती हैं। ऐसी ही एक रस्म मुंह दिखाई की होती है, जहां दुल्हन शर्माकर बैठती है और महिलाएं उसे देखने आती हैं। नई नवेली दुल्हन से ढोलक भी बजवाई जाती है। कुछ सोहर या गीत गाने के लिए बोला जाता है। लेकिन पहली बार एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसमें दुल्हन ढोलक की जगह गिटार बजाती हुई नजर आ रही है। शायद इसलिए ये ज्यादा लोग पसंद कर रहे हैं। दरअसल, उस दिन तान्या ढोलक ही बजाने वाली थी। फिर मैंने सोचा कि गिटार दे देता हूं। मैंने तान्या को गिटार दिया। उन्होंने गिटार पर ऐसा गाना गाया कि माहौल बन गया। …………………
ये भी पढ़ें – जयपुर-कथावाचक इंद्रेश और शिप्रा शर्मा ने 7 फेरे लिए,VIDEO:मंडप में दूल्हे के पीछे बैठे पंडित धीरेंद्र शास्त्री, कुमार विश्वास बोले- अब इन्हीं का नंबर वृंदावन (मथुरा) के कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय ने शुक्रवार को हरियाणा की शिप्रा शर्मा के साथ जयपुर में सात फेरे लिए। वैदिक रीति-रिवाज से हुई शादी की मुख्य रस्में करीब 3 घंटे तक चलीं। तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर बनाए गए विवाह मंडप में दूल्हे के पीछे माता-पिता के साथ पंडित धीरेंद्र शास्त्री बैठे थे। फेरे की रस्म के दौरान देवी चित्रलेखा, भागवत प्रभु सहित कई साधु-संत और सेलिब्रिटी भी मौजूद रहे। पढ़िए पूरी खबर…
https://ift.tt/cTWeFrH
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply