कौशांबी की करारी थाना पुलिस ने जिले में लगने वाले मेलों की भीड़ में लोगों से चोरी और छिनैती करने वाले महिलाओं के एक गिरोह को मंगलवार शाम गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़ी गई महिलाओं के पास से पांच लॉकेट, एक मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई 8 दिसंबर को हुई एक घटना के बाद की गई। करारी थाना क्षेत्र के अर्का फतेहपुर गांव निवासी अभिमन्त्यु विश्वकर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी दादी और मौसेरी बहन गांव के बाहर लगे मेले में गई थीं। रास्ते में तीन से चार महिलाओं ने सुनसान जगह पर उनकी बहन को थप्पड़ मारकर उसके गले से सोने का लॉकेट छीन लिया और फरार हो गईं। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार शाम पुलिस ने इस घटना से संबंधित छह महिलाओं के गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़ी गई महिलाओं की पहचान उभा देवी (पत्नी राजकुमार), अनीता देवी (पत्नी अनिल), विमला देवी (पत्नी शिवा), राजकुमारी उर्फ ननकी देवी (पत्नी स्व. राजकुमारी), ननकी (पत्नी रमेश) निवासी बैसकाटी, थाना करारी, और मंजू (पत्नी राजेंद्र कुमार) निवासी फैजपुर, थाना पश्चिम शरीरा के रूप में हुई। सीओ सदर शिवांक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच लॉकेट, 1500 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। विधिक कार्यवाही के बाद बुधवार को सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया। सीओ ने यह भी बताया कि जांच-पड़ताल में सामने आया है कि पकड़ी गई महिलाओं में विमला देवी, उभा देवी और राजकुमारी उर्फ ननकी देवी के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी और जालसाजी के मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
https://ift.tt/Vp6fKTm
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply