बाराबंकी जनपद के कई इलाकों में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसके कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई है। वाहन चालक हेडलाइट जलाकर चलने को मजबूर हैं, वहीं बढ़ती ठंड के चलते अधिकांश लोग घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। मौसम में बदलाव के साथ ही सर्दी और कोहरे का प्रभाव बढ़ गया है। सुबह घना कोहरा छाए रहने से सूरज की रोशनी कमजोर रही। सुबह करीब आठ बजे के बाद कोहरा कुछ हद तक छंटा, लेकिन दिनभर आसमान में बदली छाई रही। शाम होते ही कोहरा फिर से गहराने लगा, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। जिले का न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह और शाम अलाव का सहारा ले रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सर्दी और कोहरे का असर खेती-किसानी पर भी दिख रहा है। किसान रामजी ने बताया कि पछुआ हवा चलने से ठंड और कोहरा बढ़ने की संभावना है। हालांकि, इसे फसलों के लिए अनुकूल माना जा रहा है, क्योंकि पछुआ हवा से फसलों में रोग लगने की आशंका कम रहती है। उन्होंने यह भी बताया कि आलू, लहसुन, मेथी और सरसों की फसलों में आवश्यकतानुसार सिंचाई करनी पड़ेगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आगामी दिनों में बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने के साथ ही तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
https://ift.tt/hsB51a3
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply