DniNews.Live

Fast. Fresh. Sharp. Relevant News

जालौन में 40वीं बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ:9 विकासखंडों के बच्चे दिखा रहे खेल प्रतिभा

जालौन के कुठौंद विकासखंड स्थित हदरुख के आर्मी ग्राउंड में गुरुवार को 40वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य विकास अधिकारी कुमुरेन्द्र कलाकर सिंह ने एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसडीएम जालौन हेमंत पटेल, डीआईओएस राजकुमार पंडित और बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्र प्रकाश भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की और मैदान में उपस्थित बच्चों का उत्साहवर्धन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता की मेजबानी कुठौंद विकासखंड कर रहा है। जिले के नौ विकासखंडों – डकोर, महेवा, कदौरा, कुठौंद, रामपुरा, माधौगढ़, नदीगांव, कोंच और जालौन – के बच्चे इसमें हिस्सा ले रहे हैं। खेल मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागियों ने परेड के साथ आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया, जिसके बाद प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ हुआ। मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल शरीर और मन दोनों को मजबूत बनाने का माध्यम है। उन्होंने बच्चों से खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने तथा अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा दी। उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल ने बताया कि खेलों से बच्चों में टीमवर्क, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसी प्रतियोगिताएँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की शक्ति देती हैं। इस प्रतियोगिता में दौड़, कबड्डी, खो-खो और अन्य पारंपरिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। सभी खेलों में बच्चों ने ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। मैदान में हर ओर जोश और समर्थन का माहौल था। कार्यक्रम में कुठौंद विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी दिग्विजय सिंह, जालौन मुख्यालय की खंड शिक्षा अधिकारी बिरजू भारती सहित कई शिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे। इस प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले बच्चे दिसंबर में उरई में आयोजित होने वाली मंडलीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।


https://ift.tt/9e78kMU

🔗 Source:

Visit Original Article

📰 Curated by:

DNI News Live

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *