गाजीपुर शहर की जर्जर सड़कों और अधूरे सीवर निर्माण कार्य के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया। युवा नेता अभिनव सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों से ‘दान पेटिका’ लेकर भिक्षाटन किया। सपा कार्यकर्ताओं ने मिश्रबाजार, महुआबाग और शहर के विभिन्न बाजारों में जाकर व्यापारियों से दान एकत्र किया। उनका कहना है कि इस दान राशि को नगर विकास मंत्री को भेजा जाएगा, ताकि शहर की सड़कों के निर्माण और मरम्मत कार्य में तेजी लाई जा सके। सपा नेता अभिनव सिंह ने बताया कि अब तक 200 से अधिक व्यापारियों ने इस अभियान में भिक्षा देकर समर्थन किया है। शहर में पिछले पांच वर्षों से सीवर लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इस दौरान कई सड़कों को खोदा गया, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उनकी मरम्मत ठीक ढंग से नहीं की गई। नतीजतन, शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक की हालत जर्जर हो गई है। स्थानीय व्यापारी और आम लोग आवागमन में भारी परेशानी झेल रहे हैं। खराब सड़कें लगातार जाम का कारण बन रही हैं और आए दिन दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। जिलाधिकारी से लेकर मंत्री तक शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन शहर की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इन्हीं लचर हालातों के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने व्यंग्यात्मक रूप से भिक्षाटन कर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सरकार के पास सड़कों की मरम्मत के लिए धन नहीं है, तो जनता दान देकर ही सही, शहर की सड़कों को बनवाने में मदद करेगी। सपा ने मांग की है कि शहर की सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कर आवागमन को सुचारू बनाया जाए।
https://ift.tt/b8hiqK7
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply