यूपी में अब ठंड बढ़ने लगी है। गुरुवार सुबह बरेली और कुशीनगर में 400 मीटर विजिबिलिटी के साथ घना कोहरा रहा। गोरखपुर, आगरा, मुरादाबाद, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, अलीगढ़, अमेठी, बलिया, प्रयागराज और आसपास के जिलों में भी हल्का कोहरा रहा। कोहरे से लखनऊ में 3 फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। शारजाह की दो फ्लाइट 10 से ज्यादा घंटे लेट रही। इसके अलावा लखनऊ आने और यहां से जाने वाली 12 और फ्लाइट भी लेट रहीं। उधर, साइबेरियन पक्षियों का झुंड प्रयागराज में संगम पहुंच चुका है। लोग पक्षियों के साथ नमकीन, दाना खिला रहे, सेल्फी ले रहे। देर रात जारी आंकड़ों के मुताबिक, 17 जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया है। प्रदेश में कानपुर सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया- एक-दो दिन में तापमान में गिरावट होगी। फिर हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। पश्चिमी और उत्तरी-पश्चिमी दिशा से आ रही ठंडी, शुष्क हवा के कारण बीते कुछ दिनों से दिन और रात-दोनों के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। मौसम विभाग का मानना है कि यही हवा फिलहाल मौसम का मिजाज तय कर रही हैं। अभी कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। 3 तस्वीरें देखिए- तापमान कितना पहुंचा, जानिए लखनऊ से मुंबई-बेंगलुरु जाने वाली 3 फ्लाइट रद्द
कोहरे का असर लखनऊ एयरपोर्ट पर भी साफ दिखा। विजिबिलिटी कम होने से एयर ट्रैफिक बार-बार बाधित हुआ। इससे बुधवार को 3 प्रमुख फ्लाइटें निरस्त हो गईं। शाम तक 12 उड़ानें लेट हुईं। लखनऊ से मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-2441, लखनऊ-बेंगलुरु की उड़ान 6E-6354 और मुंबई से लखनऊ आने वाली 6E-2442 रद्द करनी पड़ी। शारजाह की फ्लाइट 10 घंटे से ज्यादा लेट
कोहरे का सबसे बड़ा असर अंतरराष्ट्रीय उड़ान संचालन पर दिखा। शारजाह से लखनऊ आने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E-8692 पूरे 10 घंटे लेट लखनऊ पहुंची। लखनऊ से शारजाह जाने वाली फ्लाइट 6E-8751 भी 10 घंटे 30 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी। इससे यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई। इन दो उड़ानों के अलावा 12 और फ्लाइट लखनऊ की लेट रहीं। प्रयागराज में कोहरा छाया, साइबेरियन पक्षी पहुंचे
प्रयागराज में ठंड तेजी से बढ़ रही है। शाम के बाद घरों से बाहर निकलने से लोग बच रहे हैं। सड़कों पर जल्दी सन्नाटा फैलने लगा है। जगह–जगह अलाव जलने लगे हैं। वहीं, चाय की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ गई है। गुरुवार सुबह यहां हल्का कोहरा रहा। देर रात घना कोहरा देखने को मिला। प्रदूषण की बात करें तो AQI 320 रहा, जो बहुत खराब स्तर है। संगम पर इन दिनों काफी संख्या में साइबेरियन पक्षी आ गए हैं। ये पक्षी रूस के साइबेरिया क्षेत्र, मंगोलिया, कजाकिस्तान और मध्य एशिया के बेहद ठंडे इलाकों से आई हैं। इन दिनों यहां का तापमान इन पक्षियों को रहने के लिए अच्छा होता है। 7.2 डिग्री के साथ कानपुर प्रदेश में सबसे ठंडा
कानपुर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार को शहर का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम है। साथ ही इस सीजन का सबसे कम तापमान है। प्रदेश में सबसे कम तापमान कानपुर का ही रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. नौशाद खान के अनुसार, अगले पांच दिनों में आसमान साफ रहेगा। हालांकि, रात और सुबह के तापमान में और गिरावट के आसार हैं, जिससे ठंड का प्रकोप बना रह सकता है। आज सुबह लखनऊ में AQI 228 रहा
आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री के आसपास रहेगा। बुधवार को अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार सुबह लखनऊ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 228 दर्ज किया गया। इस स्तर पर शहर की हवा ऑरेंज जोन में बनी हुई है, जो संवेदनशील लोगों के लिए सेहत संबंधी दिक्कतें बढ़ा सकती है। गाजियाबाद में सुबह धूप, AQI 360 पहुंचा
गाजियाबाद में गुरुवार सुबह से हल्की धूप खिली है। आज सुबह के समय तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहने का पूर्व अनुमान है। आज AQI 360 है, जो फिर से बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
https://ift.tt/3rKdcX9
🔗 Source:
Visit Original Article
📰 Curated by:
DNI News Live

Leave a Reply